नशे की खेती करना चाहता है महाराष्ट्र का किसान:जिलाधिकारी को पत्र भेज कहा-साधारण फसलों से हो रहा है लगातार घाटा, कमाई के लिए गांजा उगाने की मिले मंजूरी

सोलापुर2 दिन पहले
किसान अनिल पाटिल(बाएं) और उनके द्वारा जिलाधिकारी को लिखा पत्र(बाएं) - Dainik Bhaskar
किसान अनिल पाटिल(बाएं) और उनके द्वारा जिलाधिकारी को लिखा पत्र(बाएं)

महाराष्ट्र के सोलापुर ज‍िले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक किसान ने अपने खेत में महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गांजे की खेती करने की इजाजत मांगी है। क‍िसान ने जिलाधिकारी को लिखे अपने पत्र में कहा कि इस गांजे की अच्छी कीमत मिलती है, इसलिए वे इसे अपने खेत में उगाना चाहता है। क‍िसान ने दावा किया है कि ऐसी किसी भी कृषि उपज का कोई तय मूल्य नहीं है। जिला प्रशासन ने किसान के आवेदन को पुलिस को भेज दिया है।

महाराष्ट्र में गांजे की खेती 'नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस' (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। इसे मारिजुआना भी कहा जाता है।

दो एकड़ खेत में करना चाहते हैं गांजे की खेती
सोलापुर ज‍िले में मोहोल तहसील के किसान अनिल पाटिल ने बुधवार को सोलापुर जिला कलेक्टर को भेजे अपने आवेदन में कहा कि किसी भी फसल के लिए कोई निश्चित मूल्य नहीं है, खेती मुश्किल हो गई है। लागत निकालना भी असंभव है, इसलिए कृषि व्यवसाय घाटे में चल रहा है। इसे घाटे से उबरने के लिए उसे गांजे की खेती करने दिया जाए।

अनिल पाटिल के मुताबिक, चीनी मिलों को बेचे गन्ने के बकाये का भुगतान नहीं किया गया है। बाजार में गांजे की अच्छी कीमत मिलने का दावा करते हुए पाटिल ने अपनी दो एकड़ जमीन पर इसकी खेती करने की अनुमित मांगी है।

15 सितंबर तक जवाब नहीं आया तो इसे अनुमति मान लूंगा: किसान
क‍िसान ने जिला प्रशासन से 15 सितंबर तक अपने खेत में गांजे के पौधे उगाने की इजाजत देने को कहा और ऐसा न करने पर वह यह मान लेंगे कि उन्हें इसकी अनुमित दे दी गई है और 16 सितंबर से गांजे की खेती शुरू करे देंगे। उन्होंने अपने आवेदन में कहा क‍ि अगर मेरे खिलाफ गांजे की खेती के लिए कोई मामला दर्ज होता है तो प्रशासन जिम्मेदार होगा

पुलिस ने बताया इसे पब्लिसिटी स्टंट
मोहोल थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अशोक सैकर ने कहा कि किसान का आवेदन महज एक 'पब्लिसिटी स्टंट' है। उन्होंने कहा क‍ि अगर वह इस तरह के कृत्य (गांजे की खेती) करता है, तो हम उसके खिलाफ मामला दर्ज करेंगे।